पाटन। संभाग स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 05 अगस्त 2026 को इंडोर स्टेडियम, मर्रा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम (कवर्धा), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के कुल 168 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में विभिन्न जिलों से आए 20 निर्णायकों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सह संयोजक एवं सेजस मर्रा के प्राचार्य के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पोखनलाल साहू सह सचिव, जिला ओलंपिक संघ के मुख्य आतिथ्य एवं जयंत वर्मा प्रदेश अध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विज्ञान विकास समिति, छत्तीसगढ़ की अध्यक्षता में हुआ।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत ताम्रकार राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक, खेलो इंडिया लघु केंद्र, मर्रा तथा पवन यादव प्रदेश सचिव, शारीरिक शिक्षा एवं क्रीड़ा विज्ञान विकास समिति, छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी जिलों के जनरल मैनेजर, मैनेजर, कोच एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने प्रतियोगिता का आनंद लिया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन दुर्ग संभाग की टीम के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी आगामी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना एवं निरंतर अभ्यास का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन सेजस मर्रा के पीटीआई संतोष यादव ने किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में सभी पीटीआई, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा।







