पाटन। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप “इंडियन चैलेंजर कप” में पाटन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत एवं चार कांस्य पदक जीतकर दुर्ग जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में देश-विदेश से हजारों खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच पाटन के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। चंचल साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया, जबकि गुंजन साहू, भावेश साहू, शिवांश सिन्हा एवं रूथ निषाद ने कांस्य पदक जीतकर पाटन का नाम रोशन किया।

मंगलवार को पदक विजेता खिलाड़ियों के पाटन आगमन पर स्वामी आत्मानंद चौक में उनका भव्य स्वागत किया गया। अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं नगरवासियों ने फूल-मालाओं से खिलाड़ियों का अभिनंदन किया और उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नगरवासियों ने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे।







