रतनपुर। CG NEWS: रतनपुर में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित की गई स्ट्रीट लाइट व्यवस्था अब लोगों की सुविधा के बजाय उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। नगर पालिका क्षेत्र में लगे एक स्ट्रीट लाइट के बिजली खंभे से लगातार आग की चिंगारियां निकल रही हैं, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खंभे लगाए जाने के बाद से ही यह समस्या बनी हुई है, लेकिन आज तक स्ट्रीट लाइटें भी ठीक से चालू नहीं हुईं और खंभे से लगातार स्पार्किंग होती रही। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों राहगीर, स्कूली बच्चे, दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यदि किसी भी समय शॉर्ट सर्किट, करंट फैलने या आग लगने जैसी घटना हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।

नागरिकों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो खंभे की मरम्मत कराई गई और न ही किसी प्रकार के सुरक्षा इंतजाम किए गए। इससे लोगों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई इस महत्वाकांक्षी स्ट्रीट लाइट योजना के रखरखाव पर अब सवाल उठने लगे हैं।





