बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर हाई कोर्ट की सख्ती के बाद नगर निगम प्रशासन ने सिम्स मार्ग पर लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया। शनिवार को निगम के उप आयुक्त और रमणेश मूर्ति के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
इस दौरान सड़क पर खड़े ऑटो और अव्यवस्थित तरीके से पार्क किए गए वाहनों को हटाया गया, वहीं सड़क तक सामान फैलाकर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को तत्काल सामान हटाने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति रही। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सिम्स अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और एंबुलेंस की आवाजाही बाधित करने वाले अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। हाई कोर्ट की फटकार के बाद शुरू हुए इस अभियान से सिम्स मार्ग की यातायात व्यवस्था सुधारने की कोशिश की जा रही है। अब लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि प्रशासन इस कार्रवाई को नियमित अभियान के रूप में जारी रखता है या नहीं।






