पाटन।ग्राम सांकरा स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र में संकुल स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत सांकरा के युवा सरपंच रवि सिंगौर सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं मितानिन बहनें उपस्थित रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए सरपंच रवि सिंगौर ने कहा कि वर्तमान मौसम को देखते हुए गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने मितानिनों से घर-घर जाकर लोगों को मौसमी बीमारियों, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, मलेरिया, डेंगू तथा अन्य संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति में बुखार, सर्दी-खांसी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर उचित उपचार सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा ग्रामवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी ने समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।





