
बिलासपुर। CG ACCIDENT NEWS : जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी में आज एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ने एक युवक की जान ले ली।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर चालक लापरवाही से वाहन चलाते हुए ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान बाइक सवार सीधे उसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश जारी है।



