गरियाबंद। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चींगरापगार, जतमई, घटारानी तथा विश्व प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वरनाथ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्पष्ट कहा कि पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग मचाने वाले, शराब या अन्य नशे का सेवन कर माहौल बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ मौके पर ही सख्त एवं विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि पर्यटक निर्भय होकर प्राकृतिक स्थलों का आनंद ले सकें।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को पर्यटन स्थलों पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने तथा महिलाओं, बच्चों और परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरियाबंद की प्राकृतिक एवं धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
स्वच्छ और सुरक्षित पर्यटन के लिए पुलिस की अपील
एसपी वेदव्रत सिरमौर ने आम नागरिकों और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि गरियाबंद अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक आस्था के लिए पूरे प्रदेश में प्रसिद्ध है। इसकी स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से पर्यटन स्थलों पर गंदगी न फैलाने, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
गरियाबंद पुलिस ने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि यहां आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।









