जगदलपुर। CG NEWS: छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ के तत्वावधान में बस्तर जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल रेफरी सेमिनार शनिवार एवं रविवार को जगदलपुर के एक निजी होटल के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुआ। 25 एवं 26 जुलाई को इस सेमिनार में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए नए रेफरीयों ने भाग लिया ।
ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के इंस्ट्रक्टर रूपक मुखर्जी ने बताया कि सेमिनार में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर एवं बस्तर जिले के वे नए रेफरी शामिल हुए हैं जिन्होंने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य रेफरी को फुटबॉल के नवीनतम नियमों, तकनीकी पहलुओं और मैच संचालन की प्रक्रिया से अवगत कराना है।

इस विषय पर आगे जानकारी देते हुए बस्तर जिला फुटबॉल संघ के सचिव दिलीप दास ने बताया कि छत्तीसगढ़ फुटबॉल संघ ने इस प्रशिक्षण के लिए ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के इंस्ट्रक्टर रूपक मुखर्जी को नियुक्त किया है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को आधुनिक रेफरिंग तकनीक, खेल के नियमों और मैदान पर सही निर्णय लेने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया है।
सेमिनार के पहले दिन एलसीडी प्रोजेक्टर और पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से फुटबॉल के सभी महत्वपूर्ण नियमों को विस्तार से समझाया गया। वहीं, दूसरे दिन बस्तर जिले के सभी रेफरी एवं खिलाड़ियों को फुटबॉल के नए नियमों और हालिया संशोधनों की जानकारी दीगई, जिससे प्रतियोगिताओं का संचालन अधिक प्रभावी और निष्पक्ष तरीके से किया जा सके। बस्तर जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष ने इस सेमिनार को क्षेत्र में फुटबॉल के विकास और प्रशिक्षित रेफरी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे।







