भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप एवं कोक/कोयला की संगठित चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुरानी भिलाई पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में लोडर ऑपरेटर हेमंत देवांगन (22) को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह स्थित ए.के. ट्रेडर्स एवं हथखोज स्थित प्लॉट क्रमांक-18 में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट से भरे हाईवा और ट्रकों में लौह प्लेट, बीम, कटिंग सामग्री तथा बड़ी मात्रा में अवैध लौह स्क्रैप बरामद किया गया। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप के साथ परिवहन और लोडिंग में प्रयुक्त वाहन एवं मशीनरी भी जब्त की गई थी।
विवेचना में सामने आया कि आरोपी हेमंत देवांगन हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पिछले चार-पांच महीनों से गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फ्लू डस्ट लोडिंग के दौरान लौह स्क्रैप के साथ-साथ कोक और कोयला भी फ्लू डस्ट के भीतर छिपाकर हाईवा वाहनों से बीएसपी परिसर से बाहर भेजा जाता था।
पुलिस ने आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर घटना में प्रयुक्त लोडर क्रमांक CG 07 CE 0249 को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक लगभग 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहन और मशीनरी सहित करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी, अवैध कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




