नई दिल्ली। Government Jobs 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को लेकर लगातार सामने आ रहे विवादों के बीच एजेंसी ने अपने पुनर्गठन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। NTA ने चार महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) और 16 युवा पेशेवरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। परीक्षा व्यवस्था, निगरानी और पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए प्रोफेसर के. राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के बाद यह कदम उठाया गया है।
शिक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाली NTA ने चार जनरल मैनेजर पदों के लिए भर्ती निकाली है। वहीं UPSC के टैलेंट सेतु पोर्टल के जरिए 16 युवा पेशेवरों से आवेदन मांगे गए हैं। चारों जनरल मैनेजर की नियुक्ति शुरुआत में तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर की जाएगी।

इन 4 क्षेत्रों के लिए होगी जनरल मैनेजर की भर्ती
मूल्यांकन अनुसंधान एवं विकास और साइकोमेट्रिक्स: इस पद पर नियुक्त अधिकारी प्रश्न बैंक तैयार करने, परीक्षा के मानक तय करने, मूल्यांकन प्रक्रिया में सुधार और AI आधारित परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली से जुड़े काम की निगरानी करेंगे। उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में पीएचडी के साथ निर्धारित अनुभव होना जरूरी होगा।
परीक्षा केंद्र नेटवर्क एवं संचालन: इस पद पर नियुक्त अधिकारी देशभर और कुछ विदेशी शहरों में NTA की परीक्षाओं के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। परीक्षा केंद्रों का चयन, रजिस्ट्रेशन, उनकी क्षमता और गुणवत्ता की निगरानी के साथ दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करना भी जिम्मेदारी में शामिल होगा। राज्य और जिला प्रशासन के साथ समन्वय भी करना होगा।
सूचना सुरक्षा: जनरल मैनेजर (सूचना सुरक्षा) NTA की साइबर सिक्योरिटी की जिम्मेदारी संभालेंगे और मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (CISO) के तौर पर भी काम करेंगे। परीक्षा से जुड़े डिजिटल डेटा की सुरक्षा, साइबर हमलों से बचाव और सुरक्षा संचालन केंद्र की निगरानी उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होगी।
सतर्कता, जांच और फोरेंसिक: इस पद पर नियुक्त अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ी या नकल से जुड़े मामलों की जांच करेंगे। डिजिटल फोरेंसिक सिस्टम विकसित करने के साथ CBI, IB, ED, राज्य पुलिस और साइबर क्राइम एजेंसियों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी भी होगी।
16 युवा पेशेवरों की भी होगी भर्ती
NTA ने पहली बार UPSC के टैलेंट सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इनमें 12 पद अकादमिक रिसर्च, 2 कानूनी रिसर्च और 2 फाइनेंस एंड अकाउंट्स के लिए निर्धारित हैं।
इन पदों के लिए ऐसे उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने सिविल सेवा परीक्षा दी है और जिनका नाम टैलेंट सेतु पोर्टल पर दर्ज है। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शुरुआत में 24 महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकता है।
आगे भी कई पदों पर होगी भर्ती
NTA के मुताबिक आने वाले हफ्तों में राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों के अनुसार अन्य पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इसके अलावा विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों का नया पैनल तैयार करने की योजना है। इन बदलावों का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की व्यवस्था, तकनीकी सिस्टम, सुरक्षा और पारदर्शिता को और मजबूत करना है।





