
लेंस डेस्क। हवाई यात्रा के दौरान एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। सिंगापुर से ऑस्ट्रेलिया जा रही स्कूट एयरलाइंस की फ्लाइट TR16 में 52 वर्षीय भारतीय नागरिक सुधीर कुमार चौहान पर पड़ोस की सीट पर बैठी महिला यात्री के साथ बिना सहमति के यौन संबंध बनाने और अभद्र आचरण का गंभीर आरोप लगा है। ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने इस मामले की जांच की है।
घटना 13 अप्रैल की है, जब फ्लाइट सिंगापुर से पर्थ के लिए उड़ान भर रही थी। आरोप के अनुसार आरोपी चौहान महिला यात्री के बगल में बैठे थे और उन्होंने उनके साथ गैर-सहमतिक यौन कृत्य किए। महिला ने साहस दिखाते हुए तुरंत फ्लाइट क्रू को सूचना दी। क्रू सदस्यों ने तत्काल उन्हें दूसरी सीट पर शिफ्ट कर दिया और पूरे सफर के दौरान आरोपी पर सख्त निगरानी रखी। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट पर AFP अधिकारियों ने विमान को घेर लिया और आरोपी को उतारकर हिरासत में ले लिया।
ऑस्ट्रेलियाई संघीय अपराध (एविएशन) कानून के तहत सुधीर कुमार चौहान को पर्थ मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें हिरासत में भेज दिया गया। उनकी जमानत याचिका पर 18 अप्रैल को सुनवाई होगी।
AFP के एक्टिंग सुपरिंटेंडेंट पीटर ब्रिंडल ने कहा, “हर यात्री को यात्रा के दौरान सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है, खासकर विमान जैसे बंद स्थान में। हम विमानों या एयरपोर्ट पर किसी भी प्रकार के अभद्र आचरण को बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसे अपराधियों को तुरंत और सख्ती से निपटाया जाएगा।” उन्होंने यात्रियों से अपील की कि किसी भी अनचाहे संपर्क की सूचना तुरंत क्रू या अधिकारियों को दें।


