। गरियाबंद के फॉरेस्ट कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल नीलगिरी का पेड़ अचानक एक मकान पर गिर पड़ा। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद एक महिला पेड़ और मलबे के नीचे दब गई। घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद पुलिस की डायल-112 टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ पुलिस जवानों ने भारी पेड़ और मलबे के नीचे फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में महिला घायल हो गई थी, जिसके बाद डायल-112 टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल उन्हें आपातकालीन वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

इस साहसिक और त्वरित रेस्क्यू अभियान में डायल-112 के आरक्षक धनेंद्र कुमार बंजारे और वाहन चालक अनुराग साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी तत्परता और सूझबूझ से एक महिला की जान बच सकी। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में डायल-112 पुलिस आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद सहारा बनकर खड़ी है।





