एससीआर की गतिविधियां तेज, नवा रायपुर में बनेगा दफ्तर

NFA@0298
2 Min Read


एससीआर की गतिविधियां तेज, नवा रायपुर में बनेगा दफ्तर


05-Apr-2026 5:00 PM

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ राज्य कैपिटल रीजन (एससीआर) की गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इस कड़ी में नवा रायपुर के सेक्टर-16 में एससीआर कार्यालय के लिए नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त कर दिए गए हैं। साथ ही एससीआर क्षेत्र की सडक़ों के चौड़ीकरण और नई सडक़ों के निर्माण के लिए भी प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

एससीआर के संचालक मंडल की बैठक फरवरी में सीएम विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई थी। बैठक में लिए गए फैसलों को अब अमल में लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस दौरान एससीआर दफ्तर के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी और इसके लिए नवा रायपुर के सेक्टर-16 में जमीन चिन्हित कर ली गई है।

आवास एवं पर्यावरण विभाग के एक अफसर ने ‘छत्तीसगढ़’ से बताया कि एससीआर दफ्तर का निर्माण सीबीडी बिल्डिंग के पास किया जाएगा। परियोजना के लिए बजट में 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कंसल्टेंट नियुक्त किए जा चुके हैं और उनकी रिपोर्ट मिलने के बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।

 

एससीआर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सडक़ अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई और नवा रायपुर सहित लगभग 23 नगरीय निकायों और करीब 700 गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है। पहले चरण में सडक़ों के उन्नयन और चौड़ीकरण की योजना तैयार की जा रही है, जिसका क्रियान्वयन पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से किया जाएगा।

मेट्रो रेल का प्रस्ताव

रायपुर और दुर्ग के बीच मेट्रो रेल लिंक को लेकर भी पहल तेज हो गई है। इसके तकनीकी और आर्थिक पहलुओं के अध्ययन की प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए कंसल्टेंट नियुक्त किए जाएंगे। एससीआर की अगली बैठक, जो इस महीने के अंत तक होने की संभावना है, में इस प्रस्ताव पर ठोस निर्णय लिया जा सकता है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment