733 आवास हितग्राही अपात्र, ग्रामीणों में आक्रोश….पाटन ब्लॉक में पीएम आवास योजना पर उठे सवाल, 7 अप्रैल को आंदोलन की चेतावनी

NFA@0298
3 Min Read


पाटन। पाटन ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। इस वर्ष करीब 733 हितग्राहियों को नोडल अधिकारियों द्वारा अपात्र घोषित किए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
समाजसेवी युगल आडिल ने आरोप लगाया कि अधिकारियों के दबाव में कई ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित कर नोडल अधिकारियों द्वारा अनुशंसित सूची को मंजूरी दिलाई गई। इसके चलते वास्तविक पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित हो गए।

ग्राम पंचायत कुर्मी गुंडरा का मामला गरमाया…..
आडिल ने बताया कि ग्राम पंचायत कुर्मी गुंडरा में 15 हितग्राहियों को अपात्र घोषित किया गया, जबकि उनमें से कई पात्रता की श्रेणी में आते हैं।
25 जून 2025 को ग्राम सभा कर सूची जनपद कार्यालय भेजी गई
ग्रामीणों के विरोध के बाद 9 अक्टूबर 2025 को पुनः ग्राम सभा आयोजित कर संशोधित सूची भेजी गई। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
दावा-आपत्ति के बाद भी नहीं मिला न्याय…..
जिला पंचायत द्वारा 23 अक्टूबर 2025 को दावा-आपत्ति आमंत्रित कर 31 अक्टूबर तक की अंतिम तिथि तय की गई थी। ग्रामीणों ने समय पर आपत्तियां दर्ज कराईं, लेकिन आरोप है कि जनपद पाटन द्वारा केवल औपचारिकता निभाते हुए जांच की गई।
आरोप है कि जांच अधिकारियों ने बिना दस्तावेज देखे और जनप्रतिनिधियों से जानकारी लिए बिना ही हितग्राहियों को दोबारा अपात्र घोषित कर दिया।
अधिकारी राज हावी, जनप्रतिनिधि उपेक्षित”
युगल आडिल ने कहा कि पूरे मामले में “अधिकारी राज” हावी है और जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां एक ओर गरीबों को योजना से वंचित किया जा रहा है, वहीं कुछ लोगों को अनुचित लाभ दिया जा रहा है।
7 अप्रैल को जनपद कार्यालय में आंदोलन
मामले को लेकर 7 अप्रैल (मंगलवार) दोपहर 12 बजे जनपद पंचायत पाटन कार्यालय में आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन में प्रमुख मांगें होंगी—
1.पीएम आवास योजना में गलत तरीके से अपात्र घोषित हितग्राहियों को न्याय
2.सभी गांवों में रोजगार मूलक कार्यों की स्वीकृति
3.लंबित मनरेगा मजदूरी का भुगतान
आडिल ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपा
इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पाटन एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाटन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में जनकल्याण समिति के सदस्य युगल आडिल और राकेश आडिल शामिल रहे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment