गरियाबंद। CG NEWS: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने जिलेभर में ‘एकता वृक्षारोपण अभियान’ चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ मिलकर पौधारोपण किया।
अभियान का उद्देश्य सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में बांधा था, उसी तरह सभी को मिलकर प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के तहत शासकीय और निजी विद्यालयों के परिसरों में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
गरियाबंद पुलिस की इस पहल को सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से पुलिस और स्कूली बच्चों के बीच संवाद व विश्वास भी मजबूत हुआ और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ वृक्षारोपण में भागीदारी निभाई।






