धमतरी। CG CRIME: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरेगांव में एक बेरहम हत्याकांड ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। 55 वर्षीय मछली कारोबारी विप्लव मंडल (गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा निवासी) को उनके ही कर्मचारियों ने न सिर्फ लूटा बल्कि 40 से ज्यादा चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। हमले इतना विकराल था कि उनकी अतड़ियां बाहर निकल आईं। पुलिस ने महज 48 घंटे में इस मामले को सुलझाते हुए 2 नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात का क्रम
विप्लव मंडल धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। उस रात वह अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों (जिनमें उनके ही मजदूर शामिल थे) ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले विप्लव मंडल के सिर पर हमला किया। फिर कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।

इसके बाद बेरहम हमलावरों ने विप्लव मंडल पर दो चाकुओं से लगातार 40 से ज्यादा वार किए। हमले के बाद आरोपी 37 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मजदूरी नहीं बढ़ाने और बदसलूकी का बदला लेने की साजिश रची थी। पुलिस ने नगरी थाना क्षेत्र में तेजी से छानबीन की और 48 घंटे के अंदर पूरे गिरोह को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी
पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। यह घटना मजदूर-मालिक के रिश्तों में बढ़ते तनाव और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की ओर इशारा करती है। विप्लव मंडल जैसे स्थानीय कारोबारी की इस क्रूर हत्या ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया है।






