गरियाबंद। CG NEWS : गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में गांव-गांव जाकर साप्ताहिक हाट-बाजारों में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पांडुका, थाना फिंगेश्वर और थाना मैनपुर पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न पहलुओं पर जागरूक किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा, डिजिटल सुरक्षा, डायल-112, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात नियमों के प्रति सजग बनाना था। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप) का उपयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही समझाया गया कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी या तस्वीरें साझा न करें।

महिला सुरक्षा एवं ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के महत्व पर भी जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं से संबंधित अपराधों पर चर्चा करते हुए पुलिस टीम ने आपातकालीन स्थिति से निपटने के तरीके बताए। छत्तीसगढ़ पुलिस की विशेष पहल ‘अभिव्यक्ति ऐप’ की जानकारी देते हुए उपस्थित महिलाओं के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराया गया तथा डायल-112 की त्वरित उपयोगिता के बारे में भी जागरूक किया गया।

इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने तथा नशे की हालत और कम उम्र में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। समाज में बढ़ रहे नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह भी दी गई। पुलिस द्वारा यह जनजागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।






