
रायगढ़। CG NEWS: रायगढ़ जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। चक्रधरनगर थाना एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ओडिशा से प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन लाकर रायगढ़ में बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मरीन ड्राइव रोजगार कार्यालय के पास एक युवक बड़ी मात्रा में नशीली इंजेक्शन लेकर बिक्री के उद्देश्य से बैठा है। सूचना पर पुलिस टीम ने पंजरी प्लांट मरीन ड्राइव क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, जिसे मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीष डंडरिया, निवासी झारसुगुड़ा ओडिशा तथा वर्तमान निवासी किरोड़ीमलनगर, रायगढ़ बताया।

उसके कब्जे से 98 प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन जोक्सीफिक्स बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 5,953 रुपये बताई गई है। आरोपी इंजेक्शनों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संलिप्त लोगों की जांच जारी है।


