
हिमाचल प्रदेश । Army Comment Controversy: सिरमौर में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर इशिता पुंडीर अपने कथित विवादित बयान को लेकर कानूनी कार्रवाई में घिर गई हैं। भारतीय सेना के जवानों पर टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि इशिता ने एक वीडियो में कहा था कि सेना के जवान देश के प्रति वफादार हो सकते हैं, लेकिन अपनी पत्नियों या महिलाओं के प्रति वफादार नहीं होते।
बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे सेना के सम्मान के खिलाफ बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। विवाद बढ़ने पर इशिता ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था, लेकिन इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ।

शिकायत कांग्रेस नेता यादोपति ठाकुर ने एसपी सिरमौर को दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इशिता पुंडीर सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं और उनके इंस्टाग्राम पर एक मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक और यूट्यूब पर भी उनकी बड़ी पहुंच है। यही वजह है कि उनके बयान का असर व्यापक स्तर पर देखने को मिला और विवाद गहरा गया।


