
भारत में कब दस्तक देगा मॉनसून, मौसम विभाग ने बताया
16-May-2026 9:37 AM
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि इस साल मॉनसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है.
इस पूर्वानुमान में चार दिन का मार्जिन हो सकता है, यानी मॉनसून 22 मई से 30 मई के बीच कभी भी आ सकता है.
आमतौर पर मॉनसून एक जून के आसपास केरल में आता है, लेकिन इस बार इसके लगभग छह दिन पहले ही आने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में अल-नीनो की स्थिति उभरने से मॉनसून की रफ़्तार कमज़ोर हो सकती है और देश में कम बारिश का अनुमान है.
स्काईमेट वेदर के मुताबिक़, इस साल मॉनसून की बारिश सामान्य से 6% कम रह सकती है. जून से सितंबर तक मॉनसून के चार महीनों में देश में बारिश का सामान्य औसत 868.6 मिलीमीटर है. इस निजी एजेंसी ने 94% बारिश का अनुमान दिया है.
क्या है अल-नीनो?
अल-नीनो एक ऐसी मौसमी परिस्थिति है जो प्रशांत महासागर के पूर्वी भाग यानी दक्षिणी अमेरिका के तटीय भागों में महासागर के सतह पर पानी का तापमान बढ़ने की वजह से पैदा होती है.
इसकी वजह से मौसम का सामान्य चक्र गड़बड़ा जाता है. इससे बाढ़ और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती हैं. भारत में इस बार अल-नीनो की वजह से मॉनसून कमज़ोर रह सकता है. (bbc.com/hindi)


