
लेंस डेस्क। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी ने मतदान प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग (ECI) से महत्वपूर्ण जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को यह बताना चाहिए कि शाम 6 बजे मतदान केंद्रों पर कतार में कितने मतदाता मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के समय यह सटीक संख्या आसानी से उपलब्ध होती है, क्योंकि हर पोलिंग स्टेशन पर कतार में खड़े मतदाताओं को क्रमांकित पर्चियां (नंबर वाली चिट) बांटी जाती हैं। मतदान समाप्त होने के बाद कतार में सबसे आखिरी व्यक्ति को नंबर 1 दिया जाता है, ताकि उसके बाद कोई नया व्यक्ति कतार में शामिल न हो सके।
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक, इस व्यवस्था के कारण प्रत्येक मतदान केंद्र पर यह स्पष्ट रूप से दर्ज रहता है कि शाम 6 बजे तक कितने मतदाता कतार में थे। इसलिए चुनाव आयोग को पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह आंकड़ा सार्वजनिक करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि यह जानकारी मतदान केंद्रवार जारी की जाती है तो इससे मतदान प्रक्रिया को लेकर उठने वाले संदेह भी दूर होंगे और लोगों का भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर और मजबूत होगा।


