
कौशाम्बी। जिले के कड़ाधाम थाना क्षेत्र में बीते दिनों नौढ़िया गांव के समीप नहर पुलिया के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित सामान भी बरामद किया है।जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल 2026 की देर रात लगभग 11:30 बजे संजय कुमार निवासी थाना सुल्तानपुर घोष जनपद फतेहपुर अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान नौढ़िया गांव के पास नहर पुलिया के सामने मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे।पीड़ित की तहरीर पर थाना कड़ाधाम में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना के सफल अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 23 मई 2026 को थाना कड़ाधाम पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की गई तो दोनों ने प्रारंभिक पूछताछ में लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है लूट का पूरा सामान भी बरामद किया गया। पुलिस अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।


