
रायपुर। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) रायपुर के प्रतिनिधिमंडल ने आज वित्त विभाग के अतिरिक्त संचालक से मुलाकात कर रेजिडेंट डॉक्टर्स के स्टाइपेंड भुगतान में आ रही समस्याओं और प्रशासनिक जटिलताओं को उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने वर्तमान व्यवस्था में आ रही कठिनाइयों और इससे रेजिडेंट डॉक्टर्स पर पड़ रहे मानसिक व आर्थिक प्रभाव की विस्तृत जानकारी दी।
अतिरिक्त संचालक ने दिया त्वरित समाधान का आश्वासन
मुलाकात के दौरान अतिरिक्त संचालक महोदया ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल वित्त अधिकारी से फोन पर चर्चा की और आगामी सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वित्त अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक प्रक्रिया और सूची तैयार कराई जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल अस्थायी राहत प्राप्त करना नहीं है, बल्कि स्थायी एवं पारदर्शी व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे भविष्य में रेजिडेंट डॉक्टर्स को स्टाइपेंड भुगतान संबंधी कोई परेशानी न हो। एसोसिएशन का कहना है कि प्रशासन के सकारात्मक सहयोग से इस लंबे समय से लंबित समस्या का जल्द स्थायी समाधान निकल जाएगा।जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA), रायपुर के अध्यक्ष, डॉ. पीयूष श्रीवास्तव, ने कहा कि ‘हमारी मांग केवल तात्कालिक राहत की नहीं है। हम ऐसी व्यवस्था चाहते हैं जो भविष्य में कभी भी रेजिडेंट डॉक्टर्स को इस तरह की परेशानी न होने दे। हम रेजिडेंट डॉक्टर्स के हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत हैं।’


