कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन : बैलों की जगह इंसानों ने खींची मोटरसाइकिल, महंगाई के खिलाफ फूटा आक्रोश

NFA@0298
4 Min Read


  • पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में धमधा में कांग्रेस का प्रतीकात्मक प्रदर्शन
  • जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर रहे शामिल, भाजपा सरकार की नीतियों को बताया जनविरोधी

दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देशानुसार केंद्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों, लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री तथा सराफा (सोना-चांदी) के बढ़ते दामों के विरोध में 17 मई से 20 मई तक चरणबद्ध आंदोलन एवं जनजागरण अभियान प्रारंभ किया गया।
अभियान के प्रथम दिवस जिले के विभिन्न ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया, लेकिन धमधा में आयोजित अनोखे प्रदर्शन ने सबका ध्यान आकर्षित किया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में पारंपरिक जुड़ा (दो बैल फांसने का उपकरण) में बैलों की जगह इंसानों को जोड़कर मोटरसाइकिल बांधकर खींची। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने संदेश दिया कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की जिंदगी इतनी कठिन बना दी है कि अब वाहन चलाना भी बोझ बन गया है।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि से परिवहन, खेती-किसानी, खाद्य सामग्री एवं दैनिक जरूरतों की वस्तुएं महंगी होती जा रही हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी एवं मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
धमधा सहित जामुल, अहिवारा, मुरमुंदा, भिलाई-3, कुम्हारी, पाटन, जामगांव-आर, उतई एवं नगपुरा सहित विभिन्न ब्लॉकों में पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर “महंगाई की मार, भाजपा सरकार”, “डीजल-पेट्रोल के दाम कम करो” और “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” जैसे नारे लगाए।
राकेश ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री देशवासियों को खर्च कम करने की सलाह देते हैं, वहीं दूसरी ओर स्वयं विदेश दौरों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ केवल चुनिंदा उद्योगपतियों को मिल रहा है, जबकि आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरणों के तहत 18 मई को खाद्य तेल एवं राशन सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर बाजार क्षेत्रों में प्रदर्शन किया जाएगा। 19 मई को सराफा बाजारों में जनसंवाद किया जाएगा, जबकि 20 मई को सोशल मीडिया अभियान चलाकर महंगाई एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा और आगामी दिनों में भी जनहित के प्रश्नों पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
इस दौरान प्रभारी महामंत्री राजीव गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शमशीर कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष शिवकुमार वर्मा, जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू, अशोक कसार, राजेश मानिकपुरी, अघ्नू पाल, अरुण साहू, रजत नायक, राज पटेल, रोमन पटेल, जितेंद्र वर्मा, देवेंद्र चंदेल, परमेश्वर यादव,, रामकुमार पटेल, धनेश्वर यादव, पारखत पटेल, विनोद साहू, चेतन कश्यप, सेक्टर अध्यक्ष अरुण साहू, लोचन यादव, श्यामाचरण मनहर, निर्मल जैन, श्रवण साहू, ललित सोनकर, प्रहलाद यादव, विजय ढीमर, हीरा लाल साहू, विनोद पटेल, त्रिलोकी पटेल, हीरा लाल निषाद, विनोद साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।



Source link

Share This Article
Leave a Comment