
दुर्ग। थाना उतई पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट को असली बताकर सस्ते दाम में बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.242 किलोग्राम सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, एक कार, मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी जितेंद्र साहू निवासी बोरसी की शिकायत पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में पता चला कि आरोपी लोगों को जमीन में गड़ा हुआ खजाना मिलने और हंडे में सोने के बिस्किट व सिक्के मिलने की मनगढ़ंत कहानी सुनाकर विश्वास में लेते थे। इसके बाद नकली धातु को असली सोना बताकर कम कीमत में बेचने का लालच देकर उनसे रकम ऐंठते थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उतई पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार टंडन (50) निवासी गाड़ाडीह, पन्नालाल कुर्रे (42) निवासी सीपत पिपरिया कोरबा, गणेशराम गंधर्व (56) निवासी सहसपुर लोहारा कबीरधाम, रामस्वरूप रौतेल (30) निवासी जगतपुर जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश) तथा भानुप्रताप डहरिया (40) निवासी तर्रा भाटापारा थाना पाटन शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, 6.38 ग्राम वजन का सोने के सिक्के जैसा नकली धातु का सिक्का, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार क्रमांक CG-04-HC-6220, मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य सामग्री जब्त की है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी पन्नालाल कुर्रे के खिलाफ इसी प्रकार की ठगी के अन्य मामलों की जानकारी मिली है, जबकि दिनेश कुमार टंडन के विरुद्ध पूर्व में मारपीट एवं संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज होना पाया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सस्ते दाम में सोना, चांदी या अन्य बहुमूल्य वस्तुएं बेचने का लालच देने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें और बिना सत्यापन कोई लेन-देन न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।


