
Summer Travel: देशभर में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। कई राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और लोग ठंडक की तलाश में पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत में कुछ ऐसी जगहें भी हैं जहां मई-जून की चिलचिलाती गर्मी में भी बर्फ देखने को मिल जाती है? जी हां, जब मैदानी इलाकों में लू चल रही होती है, तब देश के कई ऊंचे पहाड़ी इलाकों में अब भी बर्फ की सफेद चादर बिछी रहती है। अगर आप भी इस गर्मी में ठंडी वादियों और स्नोफॉल जैसा अनुभव लेना चाहते हैं, तो भारत के ये डेस्टिनेशन आपके लिए परफेक्ट साबित हो सकते हैं।
लद्दाख का द्रास मई में भी बर्फ देखने के लिए सबसे शानदार जगहों में से एक माना जाता है। द्रास घाटी और जोजिला पास के आसपास की पहाड़ियों पर मई तक बर्फ जमी रहती है। दुनिया की दूसरी सबसे ठंडी आबादी वाली जगह कहे जाने वाले द्रास में मई के दौरान तापमान 7 से 20 डिग्री के बीच रहता है। श्रीनगर से टैक्सी के जरिए यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर का गुलमर्ग भी मई में बर्फ देखने के लिए लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। गुलमर्ग की अफरवत चोटी पर गोंडोला राइड के जरिए पहुंचते ही चारों तरफ बर्फ का नजारा दिखाई देता है। यहां मई में भी कई फीट तक बर्फ जमी रहती है और पर्यटक बर्फ में खेलते हुए नजर आते हैं।

अगर आप प्रकृति और बर्फ दोनों का अनोखा संगम देखना चाहते हैं तो सिक्किम की युमथांग वैली और जीरो पॉइंट शानदार विकल्प हैं। यहां मई में बर्फीली पहाड़ियों के बीच रंग-बिरंगे रोडोडेंड्रोन फूलों का नजारा देखने को मिलता है। जीरो पॉइंट पर तापमान माइनस में पहुंच जाता है और चारों तरफ मोटी बर्फ जमी रहती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश की स्पीति वैली रोमांच पसंद करने वालों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। कुंजुम पास, चंद्रताल झील और किब्बर जैसे इलाकों में मई तक भारी बर्फ देखने को मिलती है। हालांकि यहां का सफर थोड़ा चुनौतीपूर्ण जरूर माना जाता है, लेकिन खूबसूरत नजारे सारी थकान मिटा देते हैं।
जम्मू-कश्मीर का सोनमर्ग भी गर्मियों में बर्फ देखने के लिए बेहद लोकप्रिय जगह है। यहां मौजूद थाजीवास ग्लेशियर मई-जून में भी बर्फ से ढका रहता है। पर्यटक घोड़े या ट्रैकिंग के जरिए ग्लेशियर तक पहुंच सकते हैं। उत्तराखंड का औली भी मई के शुरुआती दिनों में बर्फ का मजा लेने के लिए शानदार डेस्टिनेशन है। औली के स्की ढलानों और गोरसों बुग्याल में बर्फ के पैच आसानी से देखे जा सकते हैं। जोशीमठ से रोपवे के जरिए औली पहुंचने का अनुभव पर्यटकों के लिए बेहद खास होता है। वहीं उत्तराखंड का मुनस्यारी उन लोगों के लिए बेस्ट है जो भीड़भाड़ से दूर शांत पहाड़ों में बर्फीली चोटियों का नजारा देखना चाहते हैं। यहां खलिया टॉप ट्रेक और पंचचूली की बर्फ से ढकी चोटियां लोगों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।
इन जगहों पर घूमने जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति जरूर जांच लें। पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान गर्म कपड़े, ट्रेकिंग शूज, सनस्क्रीन, धूप का चश्मा और जरूरी दवाइयां साथ रखना बेहद जरूरी है। कई ऊंचाई वाले इलाकों में एटीएम और नेटवर्क की दिक्कत भी हो सकती है, इसलिए पर्याप्त कैश साथ रखना बेहतर माना जाता है। अगर आप इस तपती गर्मी में ठंडी वादियों, बर्फ और शानदार पहाड़ों का आनंद लेना चाहते हैं, तो भारत की ये जगहें आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं हैं।



