बुद्ध पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

NFA@0298
2 Min Read



हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को हरिद्वार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के अनुसार आज संध्याकालीन गंगा आरती तक 13 लाख 5 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। समाचार लिखे जाने तक स्नान जारी था।

भोर सवेरे से ही हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट,गौ घाट व रोडीबेलवाला सहित सभी प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया। ‘हर-हर गंगे’ और ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने गंगा की पवित्र धारा में पुण्य की डुबकी लगाई।

मान्यता है कि बुद्ध पूर्णिमा पर गंगा स्नान और दान करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और घरों में सुख-समृद्धि आती है। इस पावन पर्व पर भारत के विभिन्न शहरों और गांवों से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए तथा दान पुण्य कर मोक्ष की कामना की।

वैशाख पूर्णिमा को ही भगवान गौतम बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण हुआ था। वे भगवान विष्णु के नौवें अवतार माने जाते हैं। उदयातिथि के अनुसार आज ही बुद्ध पूर्णिमा का स्नान-दान किया जा रहा है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर रहा।

सभी घाटों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सीओ शिशुपाल नेगी ने बताया कि एसएसबी, लोकल इंटेलिजेंस, एटीएस और क्यूआरटी टीमें भी जगह-जगह तैनात हैं।

एसएसपी नवनीत सिंह लगातार जीरो ग्राउंड पर रहकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों तथा अधिकारियों को यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा सहयोग प्रदान करने के आदेश भी दिए हैं।

पुलिस प्रशासन ने पहले से ही निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 30 अप्रैल रात 12 बजे से ही हरिद्वार शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई,जो स्नान पर्व समाप्ति तक लागू रहेगी।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment