

देहरादून। देहरादून में करीब एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या में शामिल 25 हजार रुपये की इनामी हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई अमित भटेजा ने ही शार्प शूटर को सुपारी देकर हत्या कराई थी।
रविवार को पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिंह ने अपने कार्यकाल में पत्रकारों को बताया कि पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थाना राजपुर और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर सहारनपुर से आराेपित महिला हुमेरा को गिरफ्तार किया।
इससे पहले पुलिस ने सुपारी लेकर हत्या करने के आराेप में शातिर अपराधी जैकी उर्फ राजन को गिरफ्तार किया था। हुमेरा राजन की प्रेमिका बताई जा रहा है। पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय भटेजा की हत्या की गई थी।
शुरुआत में घटना संदिग्ध परिस्थितियों में सामने आई, जिसके बाद थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपितों तक पहुंची।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार राजन ने खुलासा किया कि मृतक के भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी। इसके बदले जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया गया था।
योजना के तहत राजन अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ देहरादून पहुंचा और घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक हत्या से पहले मृतक को शराब पिलाकर उससे प्रॉपर्टी के दस्तावेज लेने का प्रयास किया गया।
दस्तावेज नहीं मिलने पर राजन ने तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपितों ने शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
उन्हाेंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया तथा सीसीटीवी डीवीआर और कुछ दस्तावेज साथ ले जाए गए।
घटना के बाद दोनों आरोपी सहारनपुर फरार हो गए थे। पुलिस ने बताया कि मामले में मुख्य साजिशकर्ता अमित भटेजा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


