
अब एक फोन कॉल पर बाजार और योजनाओं की जानकारी- केदार
08-May-2026 5:09 PM
13 लाख संग्राहकों को स्थानीय भाषाओं में मिलेगा आजीविका और बाजार भाव का अपडेट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मई । छत्तीसगढ़ के 13 लाख वनोपज संग्राहकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। वन मंत्री केदार कश्यप ने आज “छत्तीसगढ़ वनोपज संरक्षण वाणी” और आईवीआरएस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वनोपज संघ की ईडी- श्रीमती संजीता गुप्ता, डीजीएम जाधव सागर रामचंद्र, महाप्रबंधक सुबीर कुमार दत्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कैसे काम करेगी यह व्यवस्था? (मिस्ड कॉल सेवा)
संग्राहकों को टोल फ्री नंबर 9811125813 पर एक मिस्ड कॉल करना होगा। मिस्ड कॉल के बाद 911 से शुरू होने वाले नंबर से उपयोगकर्ता को कॉल बैक आएगा। कॉल रिसीव करते ही संग्राहक अपनी स्थानीय बोलियों जैसे हल्बी, गोंडी आदि में महत्वपूर्ण जानकारियां सुन सकेंगे। जानकारी सुनने के साथ ही उपयोगकर्ता अपनी राय, अनुभव और सुझाव भी रिकॉर्ड कर सकेंगे।
प्रमुख लाभ और उद्देश्य
स्थानीय बोलियों को प्राथमिकता के कारण वनांचल की क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी मिलने से सूचनाओं का प्रसार अधिक प्रभावी होगा। जंगल, वनोपज संरक्षण, सतत संग्रहण, बाजार भाव और सरकारी योजनाओं की सटीक जानकारी सीधे संग्राहकों तक पहुंचेगी। बाजार भाव और मूल्य संवर्धन की सही जानकारी मिलने से बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और संग्राहकों की आय बढ़ेगी।


