Meta Suicidal Alert से बचीं हजारों जिंदगियां: यूपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 10-15 मिनट में दो युवाओं की जान बची

NFA@0298
3 Min Read



लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आत्महत्या जैसी गंभीर घटनाओं को रोकने के लिए शुरू की गई “मेटा सुसाइडल अलर्ट” पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए पुलिस को SKOCH Award-2025 और The Economic Times GovTech Awards-2026 से सम्मानित किया गया है।

यह पहल वर्ष 2022 से उत्तर प्रदेश पुलिस और Meta कंपनी के सहयोग से संचालित की जा रही है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आत्महत्या से जुड़ा कोई पोस्ट या वीडियो साझा करता है, तो कंपनी द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस मुख्यालय को दी जाती है। इसके बाद पुलिस संबंधित व्यक्ति की लोकेशन ट्रेस कर मौके पर पहुंचती है और उसे सुरक्षित बचाने का प्रयास करती है।

पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2023 से 15 मार्च 2026 तक इस पहल के माध्यम से कुल 2266 लोगों की जान बचाई जा चुकी है, जो इस अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

हाल ही में 19 मार्च 2026 को इस पहल के तहत दो अलग-अलग जिलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवाओं की जान बचाई। सुल्तानपुर जिले में एक 19 वर्षीय युवती ने सोशल मीडिया पर जहर पीने से जुड़ा वीडियो साझा किया था। सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित थाने को जानकारी दी। पुलिस टीम करीब 15 मिनट के भीतर युवती के घर पहुंच गई और समय रहते उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली।

इसी तरह कौशांबी जिले में एक 18 वर्षीय युवक ने आत्महत्या करने की बात लिखकर वीडियो साझा किया था। सूचना मिलते ही थाना मंझनपुर की पुलिस महज 10 मिनट में युवक के घर पहुंच गई और उसे समझाकर आत्महत्या करने से रोक लिया। बाद में पुलिस द्वारा दोनों मामलों में काउंसलिंग भी की गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पहल के माध्यम से न केवल समय रहते लोगों की जान बचाई जा रही है, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। यह पहल तकनीक और संवेदनशीलता के समन्वय का एक सफल उदाहरण बनकर सामने आई है।



Source link

Share This Article
Leave a Comment