
नई दिल्ली। इंडिया टुडे ग्रुप और अंजना ओम कश्यप पर ईरानी दूतावास (Iranian Embassy) ने फर्जी खबर फैलाने का आरोप लगाया हैं। भारत में ईरान के दूतावास को अंजना की तस्वीर लगाकर कहना पड़ा है कि यह खबर फर्जी है।
यह पोस्ट आज तक न्यूज चैनल की उस खबर पर आया है, जिसमें आजतक की जर्नलिस्ट अंजना ओम कश्यप ने यह दावा किया था कि ईरान में महंगाई इस कदर बढ़ गई है कि ईरान की जनता ईएमआई पर रोटी खा रहे हैं।
ईरानी दूतावास ने एक्स में पोस्ट कर कहा है, ‘भारत में स्थित इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का दूतावास ईरान की आर्थिक स्थिति और आवश्यक वस्तुओं एवं सार्वजनिक जरूरतों की आपूर्ति में कथित कठिनाइयों के संबंध में कुछ मीडिया आउटलेट्स द्वारा प्रसारित रिपोर्टों और दावों को स्पष्ट रूप से खारिज करता है।’
पोस्ट में कहा गया, ‘यह जोर देकर कहा जाता है कि तीन युद्धों और ईरान राष्ट्र पर व्यापक दबावों के बावजूद, आज तक आवश्यक वस्तुओं या बुनियादी जरूरतों की कोई कमी नहीं हुई है। राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन के नेतृत्व में इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की सरकार के प्रभावी उपायों और जिम्मेदार प्रबंधन के कारण, देश को आवश्यक वस्तुओं की खरीद, आपूर्ति और वितरण सामान्य, स्थिर और निर्बाध रूप से जारी है।’
पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का दूतावास सम्मानित भारतीय मीडिया संगठनों से यह भी आग्रह करता है कि वे ईरान से संबंधित समाचार और रिपोर्ट विश्वसनीय, आधिकारिक और सत्यापित स्रोतों से प्राप्त करें और प्रसारित करें।’
इस संबंध में, यह याद रखना चाहिए कि ईरान इंटरनेशनल एक मीडिया आउटलेट है जो ईरानी जनता के विरोधियों और शत्रुओं से संबद्ध है और ईरान विरोधी राजनीतिक एजेंडों से जुड़े पक्षपातपूर्ण कथनों को प्रसारित करने का इसका लंबा इतिहास है। इसलिए, इसे ईरान की वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रतिबिंबित करने वाले एक विश्वसनीय स्रोत के रूप में नहीं माना जा सकता है।
यह भी पढ़ें: ओमान के पास एक और भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमला, कल हुए हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि


