सुकमा। CG NEWS: मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना सुकमा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 32 किलो 765 ग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोबाइल फोन और नगदी सहित करीब ₹16,51,410 का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को थाना सुकमा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोंटा ढेंग, सुकमा के पास तीन व्यक्ति ट्रॉली बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर मौजूद हैं। सूचना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध तीनों व्यक्तियों को पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 32 किलो 765 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई। पुलिस ने बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 16.51 लाख रुपये बताई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में थाना सुकमा में अपराध क्रमांक 81/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) NDPS Act के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से जुड़े हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
1. मोहम्मद आलिम, पिता मोहम्मद गुलजार, उम्र 19 वर्ष, निवासी शारापुर मीरापुर खुर्द, थाना जानसठ, जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
2. मोहम्मद मुजम्मिल कुरैशी, पिता अब्दुल जब्बार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बहादुर गंजखेड़, थाना खैर, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश।
3. सलीम कांकर शेख, पिता कांकर शेख, उम्र 45 वर्ष, निवासी मेरजगांव, कर्जत, थाना कर्जत, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र।
इस वर्ष 24 अंतर्राज्यीय ग्रुप्स पर कार्रवाई
सुकमा पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष अब तक 24 अंतर्राज्यीय ग्रुप्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब ₹3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के परिवहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







