AAP को बड़ा झटका,  BJP के होंगे राघव  चड्ढा, संजय सिंह ने कहा- गद्दारों’ को माफ नहीं करेगी जनता

NFA@0298
4 Min Read


नई दिल्‍ली। आखिरकार हुआ वही जिसके कयास लगाए जा रहे थे। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, अशोक मित्तल और संदीप पाठक ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका देते हुए भाजपा में शामिल होने का ऐलान कर दिया है। खबर यह भी आई है कि बागी सांसदों के साथ राघव चड्ढा बीजेपी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात कर जल्‍द ही बीजेपी में शामिल होंगे।

राघव चड्ढा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की इससे भी बड़ा धमाका यह किया है कि  दो-तिहाई से ज्यादा पार्टी सांसद उनके साथ हैं। और वह बीजेपी में विलय करेंगे।

इसकी चिट्ठी राज्यसभा चेयरमैन को दे दी गई है। इस दौरान, उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाती मालीवाल और अन्य नेता उनके साथ हैं।

 राघव चड्ढा की आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्‍व से दूरियां उसी दिन से साफ दिखाई देने लगी थीं, जिसे दिन पार्टी ने राज्‍य सभा में पार्टी उपनेता पद से हटा कर उनकी जगह पंजाब से पार्टी के सांसद अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया था।

लेकिन अब अशोक मित्तल भी राघव चड्ढा के साथ पार्टी छोड़ने जा रहे हैं। इस घटना के बाद से आम आदमी पार्टी की संसद में पावर कम होगी। फिलहाल ताजा घटनाक्रम पर पार्टी की ओर से फौरी तौर पर प्रतिक्रया का इंतजार किया जा रहा है।

दो-तिहाई सांसद साथ होने का दावा

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दावा किया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसद उनके साथ हैं और वे भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। AAP के कुल 10 राज्यसभा सदस्यों में से 7 के समर्थन का हवाला देते हुए चड्ढा ने कहा कि उनके पास पर्याप्त संख्या है, इसलिए दल-बदल कानून का कोई खतरा नहीं है।

हालांकि, कुछ समय पहले ही पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उप-नेता के पद से हटाकर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। मित्तल पर भरोसा जताया गया था, लेकिन अब खबर है कि उन्होंने चड्ढा का साथ चुना।

चड्ढा ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को अपने खून-पसीने से सींचा है। वे पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं और लंबे समय तक इसकी गतिविधियों से दूर रहे क्योंकि वे पार्टी के कुछ फैसलों और गलत कदमों से सहमत नहीं थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब AAP पहले जैसी नहीं रही।

इसी क्रम में, AAP के दूसरे सांसद संदीप पाठक ने भी पार्टी से दूरी बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि वे किसान परिवार से आते हैं, पढ़ाई के बाद सिर्फ देश सेवा के मकसद से राजनीति में आए और हमेशा अरविंद केजरीवाल को आगे रखा। पूरी ईमानदारी से काम किया, लेकिन अब उनके रास्ते अलग हो गए हैं।

संजय सिंह का पलटवार

इस घटनाक्रम पर AAP के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘ऑपरेशन लोटस’ चला रही है, जिसमें ED और CBI का दुरुपयोग कर AAP के सांसदों को तोड़ा जा रहा है। सिंह ने कहा कि इन लोगों ने पंजाब की जनता के साथ गद्दारी की है। भगवंत मान पंजाब में ईमानदारी से काम कर रहे हैं, लेकिन भाजपा उनके प्रयासों को रोकने की साजिश रच रही है। पंजाब की जनता इन ‘गद्दारों’ को कभी माफ नहीं करेगी।



Source link

Share This Article
Leave a Comment