
रायपुर । CG WEATHER NEWS: छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। बस्तर समेत कई इलाकों में बारिश शुरू हो चुकी है, जबकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे मध्य क्षेत्रों में लोग अभी भी भीषण गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले पांच दिनों तक एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि राजधानी रायपुर में राहत देने वाली जोरदार बारिश का इंतजार अभी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजधानी रायपुर की बात करें तो शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। उमस और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। ओडगी में 5 सेंटीमीटर, कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ में भी बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगातार नमी आ रही है और बस्तर क्षेत्र में वर्षा गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल बने हुए हैं। मानसून मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों की ओर तेजी से बढ़ सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर भी मौसम पर देखने को मिल रहा है।



