

बलिया: मांझी-छपरा मुख्य मार्ग पर इनई गांव के पास बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। असंतुलित होकर पलटे मैजिक वाहन को सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मैजिक वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जो छपरा के भगवान बाजार में एक शादी समारोह में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम कर वापस लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान राहुल, अवधेश, प्रीति और सोनी के रूप में हुई है। सभी लखनऊ के निवासी बताए जा रहे हैं और नरही क्षेत्र में संचालित ‘मुस्कान ऑर्केस्ट्रा’ से जुड़े थे। हादसे में ऑर्केस्ट्रा की तीन महिला कलाकारों की भी मौत हुई है, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।


