पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठकुराइन टोला स्थित खारून नदी के बीच बने प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में मंदिर तक पहुंचने के लिए लक्ष्मण झूला का निर्माण होने के बाद से यहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण मंदिर जाने वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और लंबा जाम लग गया।
पर्यटन स्थल होने के बावजूद मंदिर तक पहुंचने वाला मार्ग सिंगल लेन है। सड़क के किनारे बड़ी संख्या में चार पहिया वाहनों को खड़ा कर दिए जाने से मार्ग और भी संकरा हो गया। इसके चलते दोपहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई।

तीन घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे श्रद्धालु….
जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए तीन घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। मौके की तस्वीर में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार के साथ कीचड़ और जलभराव की स्थिति भी दिखाई दे रही है।
भीड़ बढ़ी, लेकिन यातायात व्यवस्था नदारद…
स्थानीय लोगों का कहना है कि लक्ष्मण झूला बनने के बाद ठकुराइन टोला स्थित शिव मंदिर क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। विशेषकर रविवार को यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के अनुरूप प्रशासन की ओर से पार्किंग और यातायात नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है।
सड़क किनारे वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। रविवार को भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पर्यटन स्थल के अनुरूप सुविधाओं की जरूरत…
खारून नदी के बीच स्थित प्राचीन शिव मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहुंच मार्ग को चौड़ा करने, व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित करने तथा रविवार एवं विशेष अवसरों पर यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात करने की मांग की है, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।





