
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) महिला मोर्चा की ओर गुरुवार को मशाल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
रैली का आयोजन भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर से किया गया, जिसमें महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम का नेतृत्व रायपुर शहर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन ने किया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से नारी शक्ति वंदन अधिनियम सदन में प्रस्तुत किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह विधेयक पहले चरण में आगे नहीं बढ़ सका।
अवस्थी ने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि देश की आधी आबादी को राजनीतिक नेतृत्व में उचित भागीदारी मिले। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं की भूमिका अब हर क्षेत्र में बढ़ रही है और वे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
रायपुर शहर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ जमीनी स्तर पर देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं आने वाले समय में राजनीतिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
रैली के दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, प्रभा दुबे, महामंत्री शीतल नायक, फुलेश्वरी पैकरा, जिला महामंत्री माया शर्मा, कमलेश बसंत वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


