नई दिल्ली। Viksit Bharat 2047: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा से विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे और ड्रग्स से दूर रहने का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर की 28 हजार से अधिक जगहों से एक करोड़ से ज्यादा युवा जुड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का युवा ही भारत की ‘अमृत पीढ़ी’ है और वही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करेगा।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले 20-25 वर्षों में देश की दिशा और दशा तय करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और आत्मविश्वास से भरपूर होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘ड्रग-फ्री यूथ फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ केवल नशे के खिलाफ एक मुहिम नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी बुरी आदतों से हमेशा दूर रहें और अपनी ऊर्जा, प्रतिभा तथा नवाचार की क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को दुनिया की अग्रणी शक्ति बनाने के लिए युवाओं की सकारात्मक सोच, मेहनत और अनुशासन सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही 2047 में विकसित भारत की सफलता के साक्षी बनेंगे और उसी पीढ़ी को उस उपलब्धि का सबसे बड़ा लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां हर युवा अपने सपनों को पूरा कर सके और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से मुक्त रहकर देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाए।






