
अमेरिका के जिस होटल में ट्रंप की डिनर पार्टी में फ़ायरिंग हुई, वहां पूर्व राष्ट्रपति रीगन पर भी हुआ था जानलेवा हमला
26-Apr-2026 11:11 AM
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ वॉशिंगटन हिल्टन होटल में एक डिनर पार्टी में शामिल हुए थे. इस दौरान फ़ायरिंग की घटना हुई.
यह घटना अमेरिकी समयानुसार शनिवार शाम की है.
कनेक्टिकट एवेन्यू स्थित वॉशिंगटन हिल्टन वही होटल है जहां 1981 में तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन पर गोली चलाई गई थी और वे घायल हुए थे.
यह हमला 30 मार्च 1981 को हुआ था. इस हमले के दोषी जॉन हिंकली जूनियर ने उस वक्त गोली चलाई थी, जब रीगन होटल के भीतर एक कार्यक्रम में भाषण के बाद अपनी लिमोज़ीन की तरफ़ लौट रहे थे.
रीगन इस हमले में बच गए थे, लेकिन गंभीर रूप से घायल हुए थे.
एक गोली राष्ट्रपति की लिमोज़ीन से टकराकर और उनके धड़ में लगी, जिससे उनकी एक पसली टूट गई और फेफड़े में छेद हो गया. उन्हें तुरंत पास के जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया था और बाद में 11 अप्रैल को डिस्चार्ज कर दिया गया था.
उस समय व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेम्स ब्रैडी भी इसी घटना में घायल हुए थे. इसके अलावा एक सीक्रेट सर्विस एजेंट और स्थानीय मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के एक अधिकारी भी घायल हुए थे.
इस हमले में ब्रैडी के मस्तिष्क को नुक़सान पहुंचा था और वह आजीवन विकलांग रहे. उनकी चोटों का असर जीवनभर बना रहा और 2014 में उनकी मौत में भी इसका योगदान माना गया.
इस हमले के अगले साल हिंकली को मानसिक अस्थिरता के आधार पर दोषी नहीं ठहराया गया, लेकिन उन्हें वॉशिंगटन के सेंट एलिज़ाबेथ अस्पताल के हाई-सिक्योरिटी हिस्से में रखा गया. वहां से 2016 में उन्हें रिहा किया गया.
होटल की दीवार पर आज भी उस गोलीबारी की जगह को चिन्हित करती एक पट्टिका लगी हुई है. (bbc.com/hindi)


