गरियाबंद। पिछले 24 घंटे से जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले की पैरी नदी सहित अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं और कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे कठिन समय में पुलिस, एसडीआरएफ, नगर सेना और प्रशासन की टीमें लगातार लोगों की सुरक्षा में जुटी हुई हैं।
बुधवार शाम काश सोहागपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से एक गौशाला में पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चे फंस गए। शाम करीब 5 बजे घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार, पुलिस, एसडीआरएफ और नगर सेना की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तेज बहाव और लगातार हो रही बारिश के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश और सिकासार जलाशय से पानी छोड़े जाने के कारण पैरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते गौशाला चारों ओर से पानी से घिर गई और पांच सदस्यीय परिवार वहीं फंस गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद बिना देर किए संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
तेज धाराओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस, एसडीआरएफ और नगर सेना के जवानों ने रस्सियों, लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से करीब पांच घंटे तक लगातार अभियान चलाया। देर रात सभी पांचों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। परिवार के सुरक्षित बाहर आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू टीम की सराहना की।
जिले में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे उफनती नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या नियंत्रण कक्ष को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।






