पिंटू दुबे, बिलासपुर। CG News : न्यायधानी के बोदरी स्थित होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे हुक्का बार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर जब होटल की घेराबंदी कर रेड मारी गई, तो वहां नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों को हुक्का और सिगरेट परोसा जा रहा था। इस कार्रवाई के दौरान मौके से संचालक सिद्धार्थ गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था।
तलाशी लेने पर पुलिस को वहां से 12 नग हुक्का पॉट, कोयला कोको जेल के 6 पैकेट, 12 स्टैंड, 12 चिलम, 12 पाइप और एक कोल हीटर बरामद हुआ है। इसके अलावा, तीन प्लास्टिक के डिब्बों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू युक्त अलग-अलग फ्लेवर और 5000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।

जब्त किए गए इन सभी सामानों की कुल कीमत लगभग 55,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
CG Crime : कॉलेज छात्रा से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार; गर्भपात कराने का भी आरोप



