
लखनऊ । राजधानी के मड़ियांव क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी कॉलोनी में जियो स्टोर के मैनेजर पवन कुमार शुक्ला (30) का शव उनके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें पवन ने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।
मूल रूप से सीतापुर जिले के रहेटा गांव निवासी पवन कुमार शुक्ला मड़ियांव की प्रियदर्शनी कॉलोनी में किराये के कमरे में रहते थे। शुक्रवार रात करीब 9 बजे पड़ोसियों को उनका कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों ने दरवाजे को धक्का देकर खोला तो अंदर पवन का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है।
मृतक के भाई अतुल शुक्ला ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर में पवन की पत्नी सोनी से उनकी सामान्य बातचीत हुई थी। अतुल ने पुलिस से पवन के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने एक युवती के पवन के कमरे पर आने-जाने का जिक्र करते हुए उससे भी पूछताछ करने की मांग की है।
इंस्पेक्टर मड़ियांव के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।


