भाजपा की बयानबाज़ी राजनीतिक द्वेष से प्रेरित, विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैला रही – राजेश ठाकुर

NFA@0298
3 Min Read


  • जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू का बयान दुर्भाग्यपूर्ण, “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” जैसी स्थिति

जामगांव (आर)। दक्षिण पाटन क्षेत्र अंतर्गत नवागांव (बी) एवं सुरपा में 28 फरवरी को प्रस्तावित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही बयानबाज़ी को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जामगांव (आर) ने राजनीतिक द्वेष से प्रेरित और तथ्यों से परे बताया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेताओं को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। जिस “प्रोटोकॉल” की दुहाई आज दी जा रही है, उसी की अनदेखी भाजपा शासनकाल में कई बार हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने कई अवसरों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपेक्षा की, जबकि क्षेत्र के अनेक विकास कार्यों की स्वीकृति उनके कार्यकाल में मिली थी।
जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ठाकुर ने कहा कि यह स्थिति “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” जैसी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा से जनप्रतिनिधियों के सम्मान के बजाय राजनीतिक लाभ-हानि पर केंद्रित रही है और जब विकास कार्यों का श्रेय कांग्रेस नेतृत्व को मिलता है तो ध्यान भटकाने के लिए विवाद खड़े किए जाते हैं।
ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में किसानों, ग्रामीण सड़कों, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। पाटन विधानसभा सहित दुर्ग जिले में कई योजनाओं से मजबूत आधार तैयार हुआ, जो कांग्रेस की जनकल्याणकारी सोच का परिणाम है।
उन्होंने भाजपा और उससे प्रेरित संगठनों की विचारधारा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सत्य, अहिंसा, प्रेम, समानता और मानवता के मूल सिद्धांतों पर आधारित है, जबकि भाजपा की राजनीति समाज में विभाजन की मानसिकता को बढ़ावा देती है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि नवागांव (बी) और सुरपा में प्रस्तावित भूमिपूजन कार्यक्रम विकास का उत्सव है, न कि राजनीतिक विवाद का मंच। भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों को क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक सहयोग देना चाहिए।
अंत में राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जनता के विश्वास, सामाजिक समरसता और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है और भाजपा की भ्रामक बयानबाज़ी से न तो विकास रुकेगा और न ही जनता गुमराह होगी।



Source link

Share This Article
Leave a Comment