टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। विकासखंड पाटन के ग्राम कौही स्थित शासकीय स्कूल में अध्ययनरत बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आसपास संचालित ईंट भट्ठों से निकल रहे धूल और धुएं के कारण कई बच्चों को सिर दर्द और उल्टी की शिकायत हुई।

स्थिति बिगड़ने पर शिक्षकों ने तत्काल बच्चों के पालकों को सूचना दी और उनकी स्वास्थ्य स्थिति से अवगत कराया। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही बीईओ ढालेंद्र देवांगन स्कूल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
गौरतलब है कि स्कूल के समीप संचालित ईंट भट्ठों को बंद करवाने की मांग को लेकर बुधवार को स्कूली बच्चों और पालकों ने स्कूल में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और एक सप्ताह के भीतर ईंट भट्ठों को हटाने का आश्वासन दिया गया है।

