स्टेयरिंग फेल होने से सड़क किनारे उतरी यात्री बस, 16 घायल, 5 की हालत गंभीर

NFA@0298
2 Min Read



खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 16 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह बस बुरहानपुर जिले के धुलकोट से शिवाबाबा होते हुए पंधाना आ रही थी।

हादसा जामनिया गांव के पास उस समय हुआ, जब बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गया। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे खाई में उतर गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।

सभी घायलों को तत्काल पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

विधायक ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही पंधाना विधायक छाया मोरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और डॉक्टरों को समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने पीड़ितों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

पुलिस जांच में जुटी
पंधाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण बस का स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है, हालांकि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में यात्री बसों की फिटनेस और नियमित तकनीकी जांच को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

 



Source link

Share This Article
Leave a Comment