रायपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी कल्याण संघ की बैठक 17 जनवरी को होटल ब्लिस इन, रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों से आए परियोजना अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक में प्रमुख रूप से ग्रेड पे वृद्धि, पदोन्नति के अवसर बढ़ाने तथा इन मांगों को लेकर अब तक हुई प्रगति और आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का शुभारंभ संघ के अध्यक्ष जितेंद्र साव द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को मांगों से संबंधित आवेदनों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए भावी रणनीति पर चर्चा प्रारंभ की। इस दौरान सदस्यों ने एकमत होकर उग्र आंदोलन सहित पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया, वहीं अन्य विकल्पों को भी खुले रखने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी।

गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास विभाग शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का नोडल विभाग है। विभाग के जमीनी स्तर पर संचालन एवं मूलभूत कार्यों की जिम्मेदारी परियोजना अधिकारियों पर होती है। इसके बावजूद वर्षों से यह वर्ग सीमित पदोन्नति अवसर और वेतन विसंगतियों से जूझ रहा है। स्थिति यह है कि कई अधिकारियों को लगभग 25 वर्षों में केवल एक पदोन्नति मिल पाती है, जिससे पदोन्नति के अवसर बढ़ाना और वेतन वृद्धि अत्यंत आवश्यक हो गया है।
बैठक में उपस्थित परियोजना अधिकारियों ने युद्ध स्तर पर प्रयास करने का संकल्प लिया। निर्णय के अनुसार माह जनवरी में विभागीय सचिव एवं मंत्री से भेंट कर मांगों को पुनः मजबूती से रखा जाएगा। वहीं माह फरवरी के पश्चात अन्य विकल्पों पर आगे कदम बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया, जिसके लिए विभिन्न समितियों का गठन बैठक में किया गया।
बैठक के अंत में संघ के सचिव सुमीत गंडेचा ने आगामी कार्ययोजना एवं सतत बैठक आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
बैठक में अध्यक्ष जितेंद्र साव के साथ उपाध्यक्षगण मिलिंद द्विवेदी (बिलासपुर), मोहम्मद इमरान अख्तर (भरतपुर), संदीप पटेल (रायगढ़), श्रीमती रंजना ठाकुर (रायपुर), सचिव सुमीत गंडेचा (धमतरी), कोषाध्यक्ष ऋषि बंजारे (गरियाबंद), सह सचिव श्रीमती रीना ठाकुर, स्थापना प्रभारी जागेश्वर सोरी (बालोद) सहित मुंगेली से राजेंद्र गेंदले, वीरेंद्र खरे; गरियाबंद से चंदू साहू; दुर्ग से श्रीमती उषा झा, पद्मजा सिंहा, छाया वर्मा; बालोद से खलेश्वरी नेताम; राजनांदगांव से शिल्पा तिवारी; मोहल्ला से श्रीमती दीक्षा वैद्य; धमतरी से प्राची शर्मा, सोमेंद्र साहू; बलौदाबाजार से चंद्रहास साहू, विकास सिंह एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

