नेशनल ब्यूरो। नई दिल्ली
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन 20 जनवरी को पार्टी के पूर्णकालिक अध्यक्ष बन जाएंगे। भाजपा एक बड़े आयोजन के साथ अपने नए पूर्णकालिक अध्यक्ष का खैरमकदम करेगी। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत आरएसएस की कई हस्तियां मौजूद रहेंगी। इसके अलावा कैबिनेट के तमाम मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी निमंत्रण भेजा गया है।
कई राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी दिल्ली आएंगे। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि नितिन नवीन की ताजपोशी धूमधाम के साथ की जाए। इसके पहले सभी भाजपा नेताओं को सांसदों को नितिन नबीन को अध्यक्ष जी कहकर संबोधित करने का हुक्म सुनाया गया है।
नितिन नवीन का पार्टी अध्यक्ष के तौर पर इकबाल कायम करने के लिए बीजेपी हर संभव कदम उठा रही वरिष्ठ नेताओं के बीच उन्हें स्थापित करने के लिए खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने ताजपोशी में मौजूद रहने का निर्णय लिया जा। एक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि भाजपा अध्यक्ष का पद संगठन में शीर्ष पर है और भले ही कोई भी नेता उस जिम्मेदारी को संभाल रहा हो।
कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद से नितिन नवीन ने भाजपा के तमाम नेताओं से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि उन्होंने संगठन में फेरबदल के लिहाज से भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। 20 जनवरी को उनकी ताजपोशी के बाद वह अपनी टीम तय करेंगे और कई नए चेहरों का भाजपा के संगठन में प्रवेश हो सकता है।
जल्द ही केंद्र सरकार में भी फेरबदल होने की संभावना है। पंकज चौधरी अब यूपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह मोदी सरकार की कैबिनेट में भी हैं। ऐसे में उनका कैबिनेट से हटना तय माना जा रहा है। इसके अलावा कुछ और नेताओं को संगठन से सरकार में लाया जा सकता है।
वहीं आरएसएस से जुड़े कुछ लोगों को पार्टी में अहम पद दिए जा सकते हैं। 46 साल के नितिन नवीन भाजपा के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इसके पहले वो छत्तीसगढ़ के प्रभारी और बिहार में मंत्री थे।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि नितिन नवीन अकेले ही अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे और चुनाव होने की संभावना न के समान है। माना जा रहा है कि वह 18 या 19 जनवरी को नामांकन दाखिल करेंगे। फिर उनके निर्वाचन की घोषणा होगी और उनके पदभार ग्रहण करने के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी समेत तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा फिलहाल खरमास की समाप्ति का इंतजार कर रही है, जो मकर संक्रांति के साथ खत्म होगा।

