
अमरावती। CRIME NEWS: महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है। यहां परतवाड़ा शहर के रहने वाले मोहम्मद अयाज उर्फ अयान मोहम्मद तनवीर पर गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत के अनुसार आरोपी लंबे समय से नाबालिग लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका शोषण कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब 180 लड़कियों को अपना निशाना बनाया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और गहन जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लड़कियों को भरोसे में लेकर पहले दोस्ती करता था, फिर उन्हें अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद वह उन्हें मुंबई और पुणे जैसे शहरों में ले जाकर उनके अश्लील वीडियो बनाता था। आरोप है कि ऐसे 350 से अधिक वीडियो तैयार किए गए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए लड़कियों को ब्लैकमेल किया जाता था और उन पर दबाव बनाया जाता था।

इस मामले को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विशाल आनंद को विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने इस पूरे मामले की विशेष जांच टीम (SIT) से जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सांसद ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि व्हाट्सएप और स्नैपचैट पर उर्दू भाषा में ग्रुप बनाकर सुनियोजित तरीके से लड़कियों को निशाना बनाया जा रहा था। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था।
मामले के बीच कुछ वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें आरोपी राजनीतिक कार्यक्रमों में नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि जांच केवल अपराध और सबूतों के आधार पर की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी को अचलपुर न्यायालय में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। सूत्रों के अनुसार मोबाइल से कई लड़कियों के आपत्तिजनक वीडियो और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं। साइबर सेल भी सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



