सूने मकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

NFA@0298
2 Min Read


दुर्ग। थाना पुलगांव पुलिस ने सूने मकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया श्रीमती भुवनेश्वरी ने थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण राजनांदगांव गई हुई थीं। इसी दौरान 7 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने मकान में घुसकर सोने एवं चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
मामले में थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 444/2026 धारा 331(4), 305, 35 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और संदेह के आधार पर रोशन निर्मलकर एवं सुमेश निर्मलकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद कर जप्त कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सूने मकान का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजोरा चंद्रशेखर सोनी, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र कुमार, आरक्षक टोमन, आरक्षक थानेश्वर, आरक्षक विक्की यादव, आरक्षक योगेश चंद्राकर एवं आरक्षक लक्ष्मण राव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी अवश्य दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



Source link

Share This Article
Leave a Comment