रायबरेली में राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- ‘देश आर्थिक तूफान की ओर बढ़ रहा’

NFA@0298
3 Min Read


रायबरेली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने अपने दो दिवसीय उत्तरप्रदेश दौरे के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का बड़ा हमला बोला है। रायबरेली दौरे के पहले दिन राहुल गांधी ने देशवासियों को ‘बड़े आर्थिक तूफान’ के लिए तैयार रहने की चेतावनी देते हुए केंद्र की आर्थिक नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए।

रायबरेली के बछरावां क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में ग्राम विकास संवाद विषय पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की नीतियां कुछ बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं और इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि ’अडानी-अंबानी मॉडल’ की राजनीति के कारण युवाओं, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर सबसे बड़ा संकट आने वाला है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता आने वाले समय में बड़ा संकट पैदा कर सकती है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और जमीनी मुद्दों पर आवाज उठाने की अपील की।

दौरे के दौरान राहुल गांधी ने अपनी सांसद निधि से बने एक बारातघर का उद्घाटन भी किया। इसके अलावा उन्होंने प्रसिद्ध चुरुवा हनुमान मंदिर पहुंचकर ‘बड़े मंगल’ के अवसर पर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात की।

रायबरेली के खीरो क्षेत्रों में राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद किया। वहीं, लालगंज महिला संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने महिलाओं और मजदूरों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पार्टी कार्यकर्ताओं में 2027 के उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उत्साह भरने की कोशिश की।

कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी का यह दौरा सिर्फ जनसंपर्क तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी लगातार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

अपने दौरे के दूसरे दिन 20 मई को राहुल गांधी रायबरेली में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे और लोधवारी में जनसभा को संबोधित करेंगे। बाद में वे अमेठी रवाना होंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

रायबरेली और अमेठी दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जगह-जगह राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

यह भी पढ़ें: गौतम अडानी के खिलाफ अमेरिका में सभी केस रद्द



Source link

Share This Article
Leave a Comment